अमर उजाला ब्यूरो
सुरंगाणी (चंबा)। ब्याणा पंचायत में वीरवार को युवाओं ने सुरंगाणी एनएचपीसी के खिलाफ रैली निकाल कर मांगें उठाईं। ब्याणा पंचायत के प्रधान प्रविंद्र कुमार और उप प्रधान कमल शर्मा की मौजूदगी में यह रैली निकाली गई। इसमें युवाओं ने एनएचपीसी से मांग की है कि सुरंगाणी में बाहर की कंपनियां काम कर रही हैं, जबकि स्थानीय लोगों को काम पर नहीं लगाया गया है। पंचायत प्रधान प्रविंद्र कुमार ने बताया कि स्थानीय बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। जबकि, बाहरी राज्यों के लोग उनके क्षेत्र में आकर रोजगार हासिल कर रहे हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों में एनएचपीसी के खिलाफ गुस्सा फूट रहा है। उन्होंने एनएचपीसी से मांग की है कि सुरंगानी के नजदीकी पंचायतें ब्याणा, मंजीर, सिंगाधार, दिघाई के युवाओं को परियोजना में रोजगार दिया जाए अन्यथा स्थानीय लोग हड़ताल पर बैठ जाएंगे। रैली के बाद युवाओं ने पूर्वांचल हाइड्रो पावर लिमिटेड कंपनी के जीएम धर्मेन्द्र पांडे और सुरंगाणी एनएचपीसी के जीएम लेखराज को अपना मांग पत्र भी सौंपा। इस मौके पर युवाओं में मनीष कुमार, सन्नी कुमार, अंकुर, दिनेश कुमार, अनिल कुमार, नितेश कुमार, सोनू, जगदीश, खेम, रत्न सहित अन्य युवा मौजूद रहे।