अमर उजाला ब्यूरो
तेलका (चंबा)। विकास सांस्कृतिक दल मौड़ा और इंपैक्ट पब्लिक स्कूल तेलका के सौजन्य से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पुखरी ने जीत लिया है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डीएस ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में आयोजक महिंद्र बसंत, दर्शन कुमार, अनिल कुमार और मोहम्मद भुट्टो ने मुख्यातिथि को बैज पहनाकर सम्मानित किया। फाइनल मुकाबला पुखरी और गढ़ माता खिल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पुखरी की टीम ने 15 ओवरों में 177 रन बनाएं। इसमें सुनील ने सर्वाधिक 40 और पठान ने 34 रनों की पारी खेली। मगर लक्ष्य का पीछा करने उतरी गढ़ माता खिल की पूरी टीम 71 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। इससे पुखरी की टीम ने यह मैच 106 रनों के भारी अंतर से जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। मुख्यातिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डीएस ठाकुर ने विजेता पुखरी की टीम को दस हजार रुपये और उपविजेता खिल टीम को 7100 रुपये देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर व्यापार मंडल कमेटी तेलका अध्यक्ष देसराज बसंत, प्रहलाद देवल, परमदेव ठाकुर, चमारु राम, जर्म सिंह, सतीश ठाकुर, प्रकाश कपूर और हंसराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।