चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को बाजार में खराब मिठाइयों को फिंकवाया। इसके साथ ही मिठाई कारोबारियों को विभाग ने चेतावनी भी दी है। दुकान पर मिठाइयां खुले में रखी गई थी, जिससे उन पर धूल मिट्टी बैठी हुई थी और वह लोगों के स्वास्थ्य के लिए खराब थी। इसको देखते हुए कारोबारियों ने मिठाइ को डस्टबिन में फिंकवाया। साथ ही हलवाइयों को निर्देश दिए कि वे खुले में मिठाई को न रखें। दोबारा कोई हलवाई खुले में मिठाई रखता हुआ पाया गया तो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सब्जी मंडी का भी जायजा लिया। इस दौरान यहां गली-सड़ी सब्जी बेचने वाले दुकानदारों के चालान काटे गए। साथ ही सड़ी हुई 20 किलो पत्ता गोभी को भी फिंकवाया गया। इस मौके पर सभी सब्जी विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वे गली सड़ी सब्जियों को न बेंचे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर में सभी रेहड़ियों का औचक निरीक्षण भी किया। जहां पर खाद्य वस्तुएं बेची जाती हैं। रेहड़ी धारकों को हिदायत दी गई कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। ऐसा नहीं करने वाले रेहड़ी धारकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
खुले में रखी मिठाई को फिंकवाया : महेश
जिला खाद्य सुरक्षा नामित अधिकारी महेश कश्यप ने बताया कि खुले में मिठाई रखने वाले हलवाइयों पर कार्रवाई की गई। गली सड़ी सब्जी को फिंकवाया गया है। रेहड़ी धारकों को साफ- सफाई की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।