अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। शहर में शनिवार देर रात को दो दुकानें आग की भेंट चढ़ गई। इस घटना में इलेक्ट्रॉनिक शॉप में पांच लाख रुपये व साथ लगती रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में करीब एक लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन केंद्र चंबा की टीम ने आग पर समय काबू पाकर करीब एक करोड़ की संपत्ति बचाई है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात अग्निशमन केंद्र को सूचना मिली कि शहर के बीचोंबीच स्थित इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में आग लग गई। अग्निशमन केंद्र प्रभारी तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इलेक्ट्रॉनिक की दुकान सुरेंद्र ओहरी निवासी गांव परेल व रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान मनोज मेहता निवासी मोहल्ला द्रोभी की थी। आग बुझाने पहुंची टीम में चालक सुरेंद्र सिंह, परामर्श किशोरी लाल, गृहर रक्षक दीपक कुमार, चालक जितेंद्र, प्रशामक सुफल राम, जसैल सिंह, लेख राज, जीत सिंह आदि मौजूद रहे। शहर में स्थित दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही उपायुक्त चंबा सुदेश मोख्टा, जिला मार्केटिंग अध्यक्ष नीरज नैयर ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया।
अग्निशमन केंद्र प्रभारी जसौर राम ने बताया कि इस अग्निकांड में दो दुकानें जलने से करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। करीब एक करोड़ की संपत्ति बचाने में विभागीय टीम सफल रही है।