सलूणी (चंबा)। उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत सनूह के 13 मजदूरों के परिजनों में घबराहट और चिंता का माहौल है। ये सभी मजदूर 23 अगस्त को गौरीकुंड में मजदूरी करने के लिए गए थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिजनों का कहना है कि न तो फोन पर और न ही किसी अन्य माध्यम से कोई सूचना मिली है।
इन मजदूरों के परिवारों ने इस मामले में एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह से संपर्क किया है और प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी खोजबीन करने की मांग की है। परिवारवालों ने पत्र लिखकर प्रशासन से गुहार लगाई है कि इन लोगों का जल्द पता लगाया जाए और उन्हें सुरक्षित वापस लाया जाए। मजदूरों के परिजनों का कहना है कि बारिश और खराब मौसम के कारण इनकी कोई खबर न मिलना एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। प्रशासन ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद