बोले- वाउचर के माध्यम से खरीदारी करने में हो रही हैं परेशानियां
विभाग ने निदेशालय भेजा मामला, शिमला से ही होगा अगला निर्णय
सरकार ने योजना में किया है बदलाव, अब खाते में डाली जा रही राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पहले वाउचर ले चुके मेधावियों ने अब नकद प्रोत्साहन राशि सीधे बैंक खातों में जमा करवाने के बारे में शिक्षा विभाग को अवगत करवाया है।
जिले के 13 विद्यार्थियों ने वाउचर रिडीम करने के बजाय उन्हें वापस करने का निर्णय लिया है। विद्यार्थियों ने कहा कि वाउचर के माध्यम से खरीदारी करने में परेशानियां सामने आ रही हैं। राशि सीधे खाते में आने से आवश्यकता के अनुसार इसका उपयोग कर सकेंगे। विभाग ने विद्यार्थियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मामला उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दिया है। अब अंतिम निर्णय निदेशालय स्तर पर लिया जाएगा। हालांकि, यह तय है कि वाउचर के बदले अब राशि विद्यार्थियों के खाते में ही डलेगी। इसके लिए थोड़ा समय लग सकता है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, टैबलेट या अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए वाउचर उपलब्ध करवाए गए हैं। हालांकि, कई विद्यार्थियों का कहना है कि निर्धारित दुकानों और सीमित विकल्पों के कारण उन्हें मनचाही सामग्री खरीदने में कठिनाई हो रही थी। लिहाजा, सरकार ने भी मेधावियों की समस्या को देखते हुए खातों में राशि डालने का निर्णय लिया। जिन विद्यार्थियों ने वाउचर नहीं लिए हैं, उनके खाते में राशि आना शुरू हो गई है। लिहाजा, अब उन विद्यार्थियों ने भी खाते में राशि डलवाने के लिए आवेदन किया है जो पहले वाउचर ले चुके हैं। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने बताया कि विद्यार्थियों की मांग और उनसे प्राप्त प्रार्थना पत्रों को निदेशालय भेज दिया गया है। निदेशालय से दिशा-निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।