भरमौर (चंबा)। भरमौर उपमंडल की औराफाटी पंचायत के सुल्लू गांव में 100 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले गांव में हुई धाम खाने से ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी है। मंगलवार सुबह से ही ग्रामीण उल्टी, दस्त और सिर दर्द से परेशान है। प्रशासन ने इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को रवाना कर दिया है। यह टीम लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उनका उचित उपचार करेगी। साथ ही अधिक बीमार मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार सुल्लू गांव में रविवार को समारोह था और इस दौरान धाम परोसी गई। इसमें सभी ग्रामीणों ने खाना खाया। लोगों का कहना है कि इस दौरान मटमैले पानी की सप्लाई भी आ रही थी। इसको लेेकर वह कई बार शिकायतें कर चुके हैं। मंगलवार सुबह अचानक गांव के लोग उल्टी, दस्त और सिर दर्द की शिकायत करने लगे। जानकारी जुटाने पर पता चला कि गांव के 19 परिवारों के 100 लोग बीमार हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धाम खाने से ही वह बीमार हुए हैं और इससे फूड प्वाइजनिंग हो गई है। गांव के लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी एडीएम पीपी सिंह को दी।
फूड प्वाइजनिंग की सूचना मिलते ही एडीएम ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को बुलाया। इसके बाद दो डॉक्टरों की टीम गठित कर औराफाटी पंचायत में जाकर लोगों की सेहत की जांच करने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए कि जांच के दौरान अगर कोई व्यक्ति ज्यादा बीमार पाया जाता है, तो उसे तुरंत इलाज के लिए भरमौर अस्पताल लाया जाए। ताकि लोगों की सेहत पर कोई बुरा बसर नहीं पड़े। इसके अलावा यह भी जांच की जाए कि फूड प्वाइजनिंग दावत के खाने से हुई है या गांव में आने वाली पेयजल सप्लाई के कारण हुई है। गठित की गई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचने और जांच करने के बाद जो भी कारण सामने आएंगे, उसको लेकर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य टीम कर रही लोगों की सेहत की जांच : पीपी सिंह
एडीएम पृथी पाल सिंह ने बताया कि औराफाटी पंचायत के सुल्लू गांव में एक साथ 150 लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। लोगों की जांच के लिए स्वास्थ्य टीम को भेजा है। टीम गांव में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। टीम की रिपोर्ट आने पर ही सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।