चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर राठघार के पास रविवार को मार्गों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रही। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। लोक निर्माण विभाग यहां सड़क को चौड़ा कर सुरक्षित बनाने कचा काम कर रहा है। वहीं, मार्ग के यातायात के लिए बंद से राहगीर और लोगों को वाहनों की अदला-बदली कर जाना पड़ा। इससे लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ी।
गौरतलब हो कि बीते वीरवार शाम करीब पांच बजे मूसलाधार बारिश से चंबा-तीसा मार्ग पर राठघार नामक स्थान पर 200 मीटर सड़क का हिस्सा रावी नदी के बढ़े जलस्तर की भेंट चढ़ गया था। इसके साथ ही मार्ग पर मलबा और चट्टानें गिरने से मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया था। इस कारण तीसा और सलूणी क्षेत्रों का संपर्क जिला मुख्यालय चंबा से पूरी तरह से कट गया है। सूचना मिलते ही लोनिवि की मेन पावर और मशीनरी ने मौके पर पहुंचकर मार्ग को सुचारु करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। देर रात तक लोनिवि की मशीनरी ने मार्ग से मलबा हटाने का कार्य किया।
मगर बीच-बीच में होने वाले भूस्खलन से लोनिवि कर्मचारियों को कार्य करने में दिक्कतें पेश आई। शुक्रवार सुबह लोनिवि की मशीनरी और मेन पावर मार्ग को यातायात के लिए खोलने में जुट गई। लोनिवि ने शाम सात बजे मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। इसके बाद अब विभाग मार्ग को चौड़ा करने और सुरक्षित बनाने के के लिए कार्य कर रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि चंबा-तीसा मार्ग पर राठघार के पास मार्ग को चौड़ा करने के कार्य के कारण बाधित है। विभाग मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रहा है।