अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत ऑयल में बिजली तार पेड़ों पर झूल रहे हैं। इसके चलते यहां जरा सी बारिश और हवा चलने से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पंचायत के तहत आते विभिन्न गांवों में वे बिजली पोल लगाने की मांग विद्युत बोर्ड से कर चुके हैं लेकिन अभी तक विद्युत बोर्ड की ओर से पोल नहीं लगाए गए हैं। इसके चलते हर समय यहां अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती है। विद्युत बोर्ड हर बार महज आश्वासन देकर ही टाल रहा है।
जानकारी के मुताबिक उक्त पंचायत में करीब 462 परिवार गुजर बसर कर रहे हैं लेकिन यहां बिजली के तार विद्युत पोल की बजाय पेड़ों और लोगों के घरों को छू रहे हैं। स्थानीय पंचायत प्रधान गुलशन बेगम, स्थानीय लोगों उत्तम दास, नूरदीन, यूसुफ, मीर खान, राम सिंह, देवो राम, प्रकाश चंद, चमन लाल, मदन सिंह, राज कुमार, भीम सेन, राज कुमार, रणवीर सिंह, मनोज कुमार, मनोहर लाल, प्रताप चंद ने बताया कि यहां पेड़ों पर तार लटके होने के चलते हल्की बारिश में बिजली गुल हो रही है। कई बार विद्युत बोर्ड को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि जल्द पंचायत में विद्युत पोल लगाए जाएं। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता रोशन लाल का कहना है कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। विद्युत पोल की डिमांड भेजी गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पोल की खेप पहुंचेगी, जरूरी जगह पोल लगा दिए जाएंगे।