अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। सिद्धपुरा गांव में उस समय माहौल गर्मा गया जब नगर परिषद चंबा की कूड़ा फेंकने आने वाली गाड़ी गांव में शहर से इकट्ठा कूड़ा फेंकने के लिए पहुंची। इस मौके पर ग्रामीणों ने गाड़ी को रोक कर वाहन चालक और नप चंबा के कर्मचारियों को घेर लिया। ग्रामीणों ने नगर परिषद आरोप लगाया है कि नगर परिषद गांव में कूड़ा-कर्कट को फेंककर यहां गंदगी फैला रहा है। इससे गांव में महामारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। करीब तीन घंटे तकनगर परिषद के वाहन को ग्रामीणों ने घेरे रखा। इसके बाद मजबूर होकर नगर परिषद को वाहन लौटाना पड़ा।
गौरतलब है कि कूड़ा संयंत्र केंद्र कुरांह में कूड़ा-कर्कट फेंकने का कुरांह के ग्रामीण विरोध कर चुके हैं। इस कारण कूड़ा संयंत्र केंद्र पर बीते लंबे समय से ताला लटका है। वहीं, दूसरी और शहर के इर्द-गिर्द नप चंबा को कूड़ा-कर्कट फेंकने के लिए अजगह नहीं मिल पा रही है। इस वजह से शहर से टनों के हिसाब से निकलने वाले कूड़े-कर्कट को रावी नदी सहित आसपास के नालों और खड्डों में ही ठिकाने लगाया जा रहा है। बुधवार सुबह नप चंबा की गाड़ी जब कूडा-कर्कट लेकर सिद्घपुरा गांव में पहुंची, तो इस दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने नगर परिषद की गाड़ी को घेर लिया और उन्हें वहां से वापस जाने को कहा। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर परिषद गांव में गंदगी फैलाने की कोशिश कर रहा है। इससे गांव में महामारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। करीब तीन घंटे तक जब ग्रामीण मौके से नहीं हटे तो मजबूर होकर नगर परिषद कर्मचारियों को गाड़ी को वापस ले जाना पड़ा।
गांव में फैल सकती है महामारी
सिद्धपुरा वार्ड सदस्य विमला देवी, बीना देवी, मस्तो देवी, देवी चंद, राकेेश कुमार, नवनीत, कमलो देवी, श्रेष्ठा देवी, द्वारिका नाथ, हरीश, योगराज, हेमराज और नरेश का कहना है कि नप चंबा गांव में शहर से टनों के हिसाब से निकलने वाले कूड़ा-कर्कट फेंक रहा है। इससे गांव में कभी भी महामारी फैल सकती है। बुधवार को ग्रामीणों ने नप चंबा की गाड़ी को रोक कर दोबारा गांव में न आने का हवाला देकर वापिस भेजा है। उन्होंने इस बात का विरोध किया है कि शहर की गंदगी को नगर परिषद गांव में फेंक रहा है। ग्राम पंचायत हरिपुर प्रधान गुरदेव सिंह का कहना है कि नप चंबा शहर की गंदगी को सिद्धपुरा गांव में फेंक रहा है। जिला प्रशासन और नप चंबा को कूड़ा-कर्कट फेंकने के लिए जगह निर्धारित करनी चाहिए।
कोट्स
नप अध्यक्ष नीलम नैयर ने कहा कि सिद्धपुरा में कूड़ा फेंकने को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है। ऐसे में अब वहां पर कूड़ा-कर्कट नहीं फेंका जाएगा। उन्होंने कहा कि नप चंबा के पास कूड़ा फेंकने के लिए कोई चिन्हित जगह नहीं है। इसका विकल्प तलाशा जा रहा है।