चंबा। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप ने सोमवार को पुलिस और नगर परिषद की टीम को लेकर शहर में अतिक्रमण करने वाले दो दर्जन से अधिक दुकानदारों के चालान काटे। इसके साथ ही दुकानदारों को हिदायत दी कि वे दोबारा दुकानों का सामान सड़क पर न रखें। दोबारा सड़क पर सामान नजर आने पर उनका सामान जब्त किया जाएगा। ऐसी कार्रवाई से बचने के लिए दुकानदारों को अतिक्रमण करने से परहेज करना होगा।
सोमवार को एसडीएम की अगुवाई में नगर परिषद और पुलिस की टीम ने पूरे बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान ज्यादातर दुकानदार ऐसे पाए गए, जिन्होंने दुकानों का सामान सड़क पर सजा रखा था। इसकी वजह से राहगीरों सहित वाहन चालकों को सड़क पर आवाजाही करने में परेशानी हो रही थी। जिला प्रशासन की ओर से दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए पहले कई बार आगाह किया जा चुका है। मगर दुकानदार हर बार प्रशासन की चेतावनी को अनदेखा कर रहे हैं। इसके चलते सोमवार को प्रशासन ने उपरोक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
अतिक्रमण को लेकर दो दर्जन से अधिक दुकानदारों के काटे गए चालान को प्रशासन कोर्ट में पेश करेगा। यहां पर दुकानदारों को नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ एसडीएम ने शहर में बिना परमिट से सजी रेहड़ी-फडी को भी हटाया। इसके साथ ही नप को निर्देश दिए कि बाजार में बिना अनुमति रेहड़ी फड़ी न लगाएं।
पुलिस को इसको लेकर नियमित जांच करने के निर्देश एसडीएम ने दिए हैं। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि बिना अनुमति के रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।