होली के हेली गांव में दोपहर करीब दो बजे बगीचे में भड़की आग, ग्रामीणों ने समय रहते पाया काबू
पटवारी ने तैयार की नुकसान की रिपोर्ट, प्रभावित बागवानों ने प्रशासन से मांगा मुआवजा
संवाद न्यूज एजेंसी
होली (चंबा)। होली पंचायत के हेली गांव में शनिवार को आग लगने से बगीचे में लगे सेब के 12 पौधे झुलस गए। बगीचे में करीब 60 पौधे थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे बाकी पौधों को बचा लिया गया। आग से वन भूमि को भी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे बगीचे में अचानक आग भड़क उठी। इसका पता चलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। प्रभावित पौधे चुड्डू राम पुत्र सोहन और अच्छरो देवी के हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मनीष कुमार और पटवारी मानिश ने मौके का निरीक्षण किया। पटवारी ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। प्रभावित बागवानों ने प्रशासन से नुकसान के बदले उचित मुआवजा देने की मांग की है। पटवारी मानिश ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। संवाद