अमर उजाला ब्यूरो
किहार(चंबा) किहार सेक्टर के तहत ऊंचाई और निचले क्षेत्रों में बर्फबारी से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में छह से लेकर दो इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके चलते क्षेत्र में ठंड काफी बढ़ गई है। बर्फबारी की वजह से संघणी लंगेरा मार्ग वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। मार्ग पर पिछले 15 दिनों से वाहन नहीं दौड़ पा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर मशीनरी न भेजने को लेकर तर्क दिया है कि जगह-जगह ग्लेशियर गिर रहे हैं। इससे मशीनरी और कर्मियों को खतरा हो सकता है। लोक निर्माण विभाग मौसम खुलने का इंतजार कर रहा है। इसके बाद यहां मशीनरी मार्ग खोलने में जुटेगी। वहीं, दूसरी तरफ संघणी क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में भी बिजली गुल हैै। इससे लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। जसो, बिगोड़ी, संघणी, धमोगा, पथवाल, रंजणी, खनेई, प्रियुंगल, भैंठ, लंगेरा में पिछले 16 दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां जल्द बिजली आपूर्ति व मार्ग को बहाल किया जाए। लोक निर्माण विभाग सलूणी के अधिशाषी अभियंता पीसी शर्मा ने बताया कि मार्ग पर जगह-जगह ग्लेशियर गिर रहे हैं। इसके चलते मार्ग को खोलने के लिए मशीनरी नहीं भेजी गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही खतरा टलेगा, मार्ग को बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए जाएंगे।