अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। रविदास जी महाराज के 642वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर सोमवार सायंकालीन शहर में भव्य नगर कीर्तन और शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें अनुसूचित जाति जनजाति निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष नीरज नैयर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मोहल्ला धड़ोग के गुरु रविदास गुरुद्वारे से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। शोभा यात्रा शहर का चक्कर काटने के बाद गुरुद्वारा धड़ोग में आकर संपन्न हुई। धडोग स्थित गुरुद्वारे में सहज पाठ श्री गुरू ग्रंथ साहिब और श्री गुरु रविदास जन्मासाखी का आयोजन किया गया। मंगलवार को निशान साहिब रस्म सुबह नौ बजे पूरी की जाएगी। इसके बाद आसा दी वार, कीर्तन, भोग, आरती, श्रद्घा सुमन व सतनाम सिंह, दलित, चिंतक, लेखक और अन्य प्रबुद्घ विचारकों ने गुरु की महिमा का गुणगान सुबह छह बजे से लेकर सायं चार बजे तक किया जाएगा। दोपहर एक बजे गुरुद्वारे में गुरु के अटूट लंगर का भी आयोजन किया जाएगा। सायं सात बजे से लेकर दस बजे तक अमृतसर के भाई गुरप्रीत सिंह अनमोल कीर्तन दरबार लगाया जाएगा।