बर्फबारी और बारिश से 176 सड़कें बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले में बर्फबारी और भारी बारिश से सड़कों, पेयजल स्कीमों और विद्युत आपूर्ति को नुकसान हुआ है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि संबंधित विभाग सेवाओं को बहाल करने में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि बर्फबारी और बारिश के चलते जिले में बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे धैर्य बनाए रखें। उन्होंने बताया कि बर्फबारी और बारिश के चलते जिले की 176 सड़कें बाधित हुई हैं। इन सड़कों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 90 जेसीबी मशीनों को सड़कों से बर्फ और मलबा हटाने के लिए लगाया गया है। 400 केवी, 33 केवी, एचटी और एलटी लाइनों को भी बर्फबारी और पेड़ गिरने की वजह से नुकसान हुआ है जिन्हें दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।