चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा के डॉक्टरों और प्रशिक्षुओं ने उपायुक्त हरीकेश मीणा पर कॉलेज प्राचार्य के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। इसको लेकर सभी फैकल्टी मेंबर और प्रशिक्षुओं ने कड़ी निंदा की है। इसके साथ ही उपायुक्त से मांग की कि वह मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से अपने व्यवहार को लेकर माफी मांगे।
मेडिकल कॉलेज के डॉ. नागेश वर्मा, डॉ. दिलबाग सिंह, डॉ. मनीष मित्तल, डॉ. सुनील, डॉ. आदित्य, डॉ. प्रतीक, डॉ. मनीष, डॉ. आरिफ सहित अन्य डॉक्टरों ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए कहा कि सोमवार रात को उपायुक्त मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्हें अस्पताल में कई खामियां भी सामने आई। इसको सुधारने के लिए प्राचार्य को उपायुक्त ने जिस प्रकार से निर्देश दिए गए। वह तरीका सही नहीं था। पूरे स्टाफ के सामने प्राचार्य को फटकार लगाई गई।
उन्होंने कहा कि उपायुक्त आरकेएस के चेयरमैन है। इस नाते उन्हें इस प्रकार का व्यवहार शोभा नहीं देता है। मेडिकल कॉलेज में जो खामियां है, उसको दूर करने के लिए उपायुक्त का भी दायित्व बनता है। क्योंकि वह जिलाधीश है। उनके अधीन पूरा जिला आता है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने प्राचार्य के साथ जो व्यवहार किया। उसको लेकर वीडियो पूरे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इससे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और प्रशिक्षुओं में उपायुक्त के प्रति रोष है। यह रोष तब तक जारी रहेगा। जब तक उपायुक्त प्राचार्य से माफी नहीं मांगते।
रोष को लेकर नहीं पहुंची कोई शिकायत : उपायुक्त
उपायुक्त हरीकेश मीणा ने बताया कि डॉक्टरों के रोष को लेकर उनके ध्यान में कोई शिकायत नहीं पहुंची है। इसके साथ ही न ही इस बारे कोई सूचना मिली है।