अमर उजाला असर
रजेरा के स्कूल में बंद पेयजल सप्लाई हुई बहाल
अमर उजाला में खबर छपने के बाद हरकत में आया आईपीएच विभाग
खराब पड़ी लाइन की पाइपों को बदलकर आपूर्ति को किया सुचारू
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। राजकीय प्राथमिक पाठशाला थलोल और ककला में दो सप्ताह से बंद पड़ी पेयजल सप्लाई को बहाल कर दिया गया है। एक दिन पहले अमर उजाला ने पेयजल सप्लाई बंद होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपते ही विभागीय टीम स्कूल में पहुुंची। उन्होंने बंद पड़ी पेयजल सप्लाई को तुरंत बहाल करवा दिया। पेयजल लाइन में कुछ पाइपें क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इनकी वजह से सप्लाई बंद हुई थी। उन पाइपों को बदल कर नई पाइपें डाली गई। पेयजल सप्लाई बंद होने की वजह छात्रों को घर से बोतलों में पानी भरकर लाना पड़ रहा है। छोटे छात्र भारी भरकम स्कूल बैग के साथ हाथ में पानी की बोतल लेकर स्कूल जा रहे थे। छात्रों को भी स्कूल जाने में परेशानी आ रही थी। अभिभावकों ने इसकी सूचना आईपीएच विभाग को भी दी थी। मगर पेयजल सप्लाई बहाल नहीं हो रही थी। मिड-डे मील बनाने के लिए भी पानी दूसरे गांव से लाना पड़ रहा था। रजेरा पंचायत के आधा दर्जन गांव के लोग उपरोक्त पाठशाला में पढ़ने जाते हैं। जोकि पेयजल पानी की समस्या से जूझ रहे थे। अमर उजाला में खबर छपने के बाद छात्रों की समस्या का समाधान हो गया।
बहाल करवा दी गई बंद पड़ी पेयजल सप्लाई : जितेंद्र शर्मा
सहायक अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि बारिश की वजह से पाइपें क्षतिग्रस्त हुई थी। इन्हें ठीक करवा दिया गया है। स्कूलों में पेयजल सप्लाई बहाल हो गई है। अब स्कूली छात्रों को पानी की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।