चुवाड़ी (चंबा)। भटियात उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत रायपुर के गांव रायपुर के लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिन से यहां पानी की आपूर्ति ठप है। ऐसे में उन्हें पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वह इस बारे में कई बार आईपीएच विभाग से मांग कर चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
जानकारी के अनुसार गांव में करीब 200 परिवार गुजर बसर कर रहे हैं। मगर पानी की आपूर्ति ठप होने से उन्हें परेशानियां पेश आ रही है। ग्रामीण बलदेव सिंह, कपिल सिंह, पवनेश कुमार, राजकुमार, भुवनेश सिंह, दिनू राम, उत्तमो राम, देवी चंद, प्रकाश चंद, भीम सैन, अरुण कुमार, हर्षित कुमार, चैन लाल, करतार सिंह, ओम प्रकाश, योगराज, पवन कुमार, सतेंद्र सिंह और रमेश कुमार ने बताया कि पानी न होने के चलते उन्हें एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को कई बार अवगत करवाने के बावजूद समस्या हल नहीं हुई है।
उन्होेंने बताया कि हर साल गर्मियों में यहां पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से आग्रह किया है कि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता आरएस राणा ने बताया कि पाइपलाइन टूट जाने की वजह से ऐसी समस्या पेश आई है। उन्होंने कहा कि लाइन दुरुस्त कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अब पानी की आपूर्ति बहाल हो जाएगी।