अमर उजाला ब्यूरो
चंबा । जिला के निजी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक आरटीई के तहत निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों का ब्योरा कक्षावार भेजना होगा। इस संदर्भ में निजी स्कूल के प्रबंधकों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए है। विभाग के पास वर्तमान में सिर्फ शिक्षा खंड गैहरा की सूचना उपलब्ध है। जबकि शेष शिक्षा खंड को ब्योरा जमा करवाने के लिए दो दिन का समय विभाग की ओर से दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट कहा है कि इस मामले में लेटलतीफी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह अधिकारियों और स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार विभाग के पास उक्त जब पहुंचेगा तो इसे निदेशालय भेजा जाएगा। साथ ही जिला परिषद चंबा कार्यालय में भी इसकी सूची उपलब्ध करवाई जाएगी। चूंकि इस तरह का मामला कुछ दिन पहले हुई जिला परिषद की बैठक में सदस्यों ने उठाया था। गौरतलब है कि आरटीई के तहत निजी स्कूलों में विभिन्न श्रेणियों से संबंध रखने वाले 25 प्रतिशत विद्यार्थियों को निशुल्क पढ़ाई करवाने का प्रावधान है। इस बारे में पहले भी ब्योरा मांगा गया था। मगर गैहरा खंड को छोड़कर किसी अन्य खंड की ओर से ब्योरा नहीं भेजा गया। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी ने बताया कि इसके लिए दो दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में लेटलतीफी और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी खंड अधिकारी ब्योरा कार्यालय पहुंचाना सुनिश्चित बनाएं।