अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा कॉलेज में कक्षाओं में लगातार अनुपस्थित रहने पर 89 विद्यार्थियों के नाम काट दिए गए हैं। अब इन छात्र-छात्राओं को जुर्माना देने के बाद ही रि-एडमिशन करवानी होगी। इसके लिए उन्हें सौ रुपये जुर्माना जमा करवाना होगा। कॉलेज प्रशासन ने इन छात्र-छात्राओं को जल्द रि-एडमिशन करवाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार बीएससी सेकेंड सेमेस्टर के 18, बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के आठ, बीएससी छठे सेमेस्टर के दो और बीए सेमेस्टर द्वितीय और चतुर्थ व छठे के क्रमश: 47, 9 और 5 विद्यार्थियों के नाम काटे गए हैं।
कॉलेज प्रगंधन के अनुसार सात दिनों तक लगातार कक्षाओं से अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं के नाम काट दिए जाते हैं। हालांकि उक्त छात्र-छात्राओं को कक्षाएं लगाने के बारे में पहले ही हिदायत भी दी गई। मगर इसके बावजूद विद्यार्थियों ने इसे हल्के में लिया और कॉलेज प्रशासन ने इन छात्र-छात्राओं के नाम काट दिए। कॉलेज प्रशासन की इस कार्रवाई से छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया है।
नियमित कक्षाएं लगाएं छात्र : सुमन बेदी
चंबा कॉलेज की प्राचार्या सुमन बेदी का कहना है कि कॉलेज कक्षाओं से लगातार अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जुर्माना जमा करवाने के बाद छात्र-छात्राएं दोबारा प्रवेश ले सकते हैं। अगर दोबारा उनका कटता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।