अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। बालू-पक्काटाला मार्ग पर भगोत के पास पेयजल लाइन की पाइप कई दिनों से टूटी हुई है। इस वजह हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। बावजूद इसके अभी तक विभाग ने पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं की है। लोगों का कहना है कि इस बारे में संबंधित विभाग को कई बार शिकायत की जा चुकी है। मगर लाइन की मरम्मत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसकी वजह से टूटी हुई लाइन से लोगों को मिलने वाला पीने का पानी व्यर्थ बह रहा है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है।
निवासी राहुल, रमेश कुमार, चंद राम, राकेश, किशोर, धर्मपाल, चैन सिंह, योग राज और नेक सिंह ने बताया कि भगोज के पास पेयजल लाइन काफी दिनों से टूटी है। इसके बारे में विभाग को अवगत भी करवाया जा चुका है। मगर इसके बाद भी टूटी पाइपलाइन को ठीक नहीं करवाया गया है। इसमें विभाग की लापरवाही साफ नजर आती है। उन्होंने कहा कि जिला के कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां पर लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। पानी के लिए उन्हें कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। जबकि शहर में टूटी हुई पाइपों के रास्ते रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि टूटी हुई पाइपों को शीघ्र ठीक करवाया जाए। ताकि पानी व्यर्थ न बह सके। अधिशाषी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। जल्द ही कर्मचारी को भेज कर टूटी हुई पाइपों को ठीक करवाया जाएगा। ताकि पानी व्यर्थ न बहे।