अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
जिलास्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह शुक्रवार को राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में आयोजित हुआ। इस मौके पर उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक जलालदीन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। निरीक्षण विंग के निरीक्षक प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह रणपतिया व अशोक धीमान सहित एडीपीओ चंबा भूषण कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया गया। फुटबाल प्रतियोगिता में ब्वॉय स्कूल चंबा विजेता और सीनियर सेकेंडरी स्कूल ककीरा उपविजेता रहा। हॉकी में भी ब्वॉय स्कूल चंबा विजेता रहा। जबकि सीनियर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर उपविजेता रहा। वॉलीबाल में सेंट्रल जोन चंबा विजेता और चुराह जोन उपविजेता रहा। पांच हजार मीटर दौड़ में तेलका स्कूल विजेता रहा। दो सौ मीटर दौड़ में ब्वॉय स्कूल चंबा के वरुण कपूर ने पहला स्थान हासिल किया। मुख्यातिथि ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही इसी तरह खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। कहा कि खेलों में भाग लेने से विद्यार्थी का मानसिक और शारीरिक विकास होता है। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों के प्रभारी मौजूद रहे।
000