अब चुनावी रण में उतरे 7315 उम्मीदवारों के बीच होगी टक्कर
26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में होने हैं पंचायत चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पंचायत चुनावों के लिए 7315 उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन वापसी के अंतिम दिन 15 मई को 1128 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं।
इनमें प्रधान पद के 292, उप प्रधान पद के 258, वार्ड सदस्य के 530, पंचायत समिति सदस्य के 43 और जिला परिषद सदस्य के 5 उम्मीदवार शामिल हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिले में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में होने जा रहे पंचायती राज चुनावों में प्रधान के 319 पदों के लिए 1293, उप प्रधान के 319 पदों के लिए 1303, वार्ड सदस्य के 1793 पदों के लिए 4013, पंचायत समिति सदस्य के 135 पदों के लिए 592 और जिला परिषद सदस्य के 18 पदों के लिए 114 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान तीन दिन में कुल 8479 उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए अपने नामांकन दाखिल किए थे। इनकी छानबीन के दौरान 26 नामांकन रद्द पाए गए थे। इनमें जो भी प्रत्याशी विजय होंगे, वे अपनी पंचायतों में विकास की इबारत लिखने में अहम भूमिका निभाएंगे।