अपनी जीत को लेकर घोषणा और विरोधियों पर करते दिखे टिप्पणी
एआई से पोस्टर बनाकर सोशल मीडिया में दिन भर करते रहे प्रचार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर निकाय चुनाव में डोर टू डोर प्रचार अभियान भले ही थम चुका है लेकिन प्रत्याशी अब अपने प्रचार के लिए सोशल मीडिया को जरिया बना रहे हैं।
शनिवार को सभी प्रत्याशी फेसबुक और व्हाट्सएप पर सक्रिय नजर आए। इसमें उन्होंने एआई से अपने पोस्टर बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किए। इसमें अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की गई है। कई प्रत्याशी अपने विरोधियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते नजर आए। कुछ ने चुनाव से पहले ही खुद को विजेता घोषित कर दिया। इतना ही नहीं नगर परिषद अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर भी दावेदारी पेश करते नजर आए। हालांकि, उनकी पोस्ट का जवाब मतदाताओं ने सोशल मीडिया पर नहीं दिया। इसे देख यही लग रहा है कि मतदाताओं ने किसके पक्ष में मतदान करना है, उसका मन पहले ही बना रखा है। इसका पता रविवार को ईवीएम मशीन का बटन दबाते समय पता लगेगा। नगर परिषद चंबा, डलहौजी और नगर पंचायत चुवाड़ी में रविवार को मतदान होगा। इसके लिए प्रशासन पूरी तैयारियां कर चुका है। भाजपा और कांग्रेस के नेता नगर परिषद में अपना-अपना अध्यक्ष बनने का दावा कर रहे हैं। इसके लिए भाजपा के पूर्व विधायक पवन नैय्यर और वर्तमान कांग्रेस विधायक नीरज नैय्यर प्रेस वार्ता में दावे भी पेश कर चुके हैं। इसी प्रकार डलहौजी और चुवाड़ी में भी अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारी की जा रही है। चुनाव नतीजे आने पर यह पता लग जाएगा कि किसके दावे सही साबित होते हैं और किसके गलत।