अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक जिला मुख्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता सुरेश कुमार कश्मीरी ने की। बैठक को संबोधित करते हुए सुरेश कश्मीरी ने बताया कि नगर परिषद की ओर से हाल ही में भेजे गए गृह कर बिलों में अप्रत्याशित रूप से सौ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही बिना किसी रेवेन्यू रिकॉर्ड या गूगल मैपिंग की मदद से वार्षिक असेस्टमेंट वैल्यू में वृद्धि करके कर का निर्धारण कर दिया है। शहर वासियों में इस अप्रत्याशित एवं अनुचित गृह कर में की गई अचानक बढ़ोतरी के प्रति रोष है। लोगों ने मांग की है कि गृह कर निर्धारित करने के आधार और नियमों को आम लोगों की संतुष्टि के लिए नगर परिषद सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि मिंजर मेले के समापन के बाद चौगान की सफाई के दौरान जो भी कूड़ा कर्कट जमा हुआ था, उसे रावी व्यू कैफे के पास ढलान पर फेंका गया है। जबकि उस कूड़े को व्यवस्थित ढंग से निष्पादित किया जाना चाहिए था। ढलान में कूड़े की भरमार होने से रावी कैफे मार्ग पर सैर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कहा कि बर्फबारी के दौरान शहर के मोहल्ला में क्षतिगस्त बिजली के खंभों को बदला गया है लेकिन सड़क किनारे पड़े टूटे हुए उन खंभों को अभी तक नहीं हटाया गया है, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी बनते जा रहे हैं। इस मौके पर एसके बेदी, मनोहर कश्मीरी, उत्तम चंद, चैन लाल, सुरेश, दया राम, सोहन कुमार, योग सिंह ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।