अमर उजाला ब्यूरो
डलहौजी(चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में बर्फबारी के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार देर रात को डलहौजी में चार से छह इंच तक ताजा बर्फबारी हुई है। इसके चलते क्षेत्र में प्रचंड ठंड पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। इसके चलते देर शाम को बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि सड़कों पर बर्फबारी के बाद फिसलन बढ़ गई है। वहीं डलहौजी प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने का आह्वान किया है। गौरतलब है कि प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। 22 फरवरी तक मौसम खराब रहने की एडवाइजरी प्रशासन ने जारी की है। ऐसे में पर्यटन नगरी डलहौजी में अलर्ट के बाद बर्फबारी हुई। स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह, राकेश कुमार, सुभाष कुमार, सुरेंद्र सिंह, दीपक कुमार, लक्की कुमार, चंदन सिंह, कपिल कुमार ने बताया कि पर्यटन नगरी डलहौजी में इस बार रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी हुई है। फरवरी माह में यहां चार बार हिमपात हो चुका है। ऐसे में लगातार यहां ठंड बढ़ रही है। कुल मिलाकर बर्फबारी के बाद यहां लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही है।