चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत मिंधल के आधा दर्जन गांवों के बाशिंदे आज भी सड़क सुविधा से कोसों दूर हैं। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में पेश आती है। इसको देखते हुए ग्रामीणों ने सरकार से क्षेत्र को सड़क से जोड़ने की गुहार लगाई है।
मिंधल पंचायत के अधीन आने वाले गांव वरन्यु, गड़मस, शाला, दड़वास और मिंधल माता धाम में सड़क सुविधा ने होने के कारण लोगों और श्रद्धालुओं का परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की मानें तो वह कई बार लोनिवि से सड़क बनाने को लेकर मांग कर चुके हैं। मगर हर बार लोगों को सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। यही कारण है कि अभी तक उपरोक्त गांव को सड़क की मुख्य धारा से नहीं जोड़ा जा सका है।
चंद्र कुमार, इंद्र कुमार, राजकुमार, सुरेश कुमार, संजीव कुमार, जीवन सिंह, अशोक कुमार, राजेंद्र कुमार, अमरनाथ, सतीश कुमार, मान सिंह, सुभाष चंद, अजय कुमार, बिशंबर नाथ, प्रेमलाल, सूरज राम और पंकज चौहान ने बताया कि सबसे बड़ी परेशानी तब होती है जब गांव में कोई व्यक्ति बीमार होता है।
इस वजह से मरीज को पीठ या पालकी में उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। यहां से उसे एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए 19 किलोमीटर दूर सिविल अस्पताल किलाड़ में पहुंचाया जाता है। लोगों को सड़क तक पहुंचने के लिए आधा किमी पैदल सफर करना पड़ता है। तब जाकर उन्हें सड़क नसीब होती है। सड़क के अभाव में सर्दियां का राशन खच्चरों के जरिये घरों तक पहुंचाना पड़ता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से उपरोक्त गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की है। इनसेट
जल्द शुरू होगा सड़क का कार्य : बीके कपिल
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीके कपिल ने बताया कि मिंधल पंचायत के उपरोक्त गांव को बनने वाली सड़क के टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही सड़क का कार्य शुरू करवाया जाएगा।