सुंड़ला(चंबा)। सुंडला-सालवां मार्ग से थोलुआ के लिए सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही हर वर्ष थोलुआ में आयोजित होने वाले दंगल मेले को देखने के लिए पहुंचने वाले लोगों को भी आवाजाही में दिक्कतें नहीं आएंगी। वहीं, रविवार को आरंभ होने वाले इस कार्य के मौके पर छिंज मेला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। छिंज मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा जिलाध्यक्ष डीएस पठानिया का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब हो कि थोलुआ स्थित छिंज मेला मैदान तक मार्ग न होने की सूरत में यहां तक पहुंचने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में कुछ माह पूर्व सलूणी में आए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से छिंज मेला के पदाधिकारी भाजपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में मिले थे। इस दौरान छिंज मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से सुंड़ला-सालवां मार्ग से थोलुआ के लिए सड़क निर्माण करवाए जाने की मांग उठाई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उक्त सड़क बनाने बारे घोषणा की थी। बहरहाल, इसी के चलते अब सुंड़ला-सालवां मार्ग से थोलुआ के लिए सड़क निर्माण का कार्य आखिरकार आरंभ हो गया है। सड़क का निर्माण हो जाने से छिंज मेला देखने के लिए पहुंचने वाले लोगों व स्थानीय ग्रामीणों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा।
छिंज मेला कमेटी अध्यक्ष उत्तम भारद्वाज, पदाधिकारियों में रणजीत ठाकुर, मुकेश कुमार, महाराज सिंह, विजय कुमार, राकेश कुमार, भगत राम ने सुंडला-सालवां मार्ग से थोलुआ के लिए सड़क का निर्माण कार्य आरंभ होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जतायाहै। इस मौके पर लोनिवि के सहायक अभियंता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।