चंबा। जिला मुख्यालय के साथ बालू में फल और सब्जियों के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। दुकानदारों पर नकेल कसने के लिए विभाग का कोई अधिकारी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच रहा है। इसकी वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जो ग्राहक दुकानदार से फल और सब्जियों को लेकर ज्यादा मोल भाव करते हैं। ऐसे लोगों को दुकानदार सामान देने से ही मना कर देते हैं। साथ ही उन्हें डराते धमकाते भी हैं। विभाग को इस बारे में कई बार शिकायतें भी दी जा चुकी हैं। मगर अभी तक उन शिकायतों पर कोई कार्रवाई होती नहीं दिख रही है। ऐसा लगता है कि विभाग को आम लोगों की परेशानी से कोई लेना देना ही नहीं है।
जैसी राम, राकेश कुमार, चंद राम, किशोर, धर्मपाल, अमर चंद, प्यार चंद, रिंकू, सुरेश, रणवीर, मिथुन और चमन सिंह ने बताया कि बालू में जितनी भी सब्जी की दुकानें हैं। वहां पर फल और सब्जियों के दाम नहीं दर्शाए जा रहे हैं। आम बाजार में बीस रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं बालू में चालीस से पचास रुपये प्रति किलो बेचा जा रहा है। हैरानी इस बात की है कि फलों को किलो के हिसाब से नहीं बल्कि प्रति पीस के हिसाब से बेचा जा रहा है। सेब का एक दाना पचास से साठ रुपये बेचा जा रहा है। जबकि मौसम्मी बीस रुपये प्रति पीस बेची जा रही है। इसकी वजह से आम लोग की जेब ढीली हो रही हैं। सरोल, राजपुरा, भद्रम, सिढ़कुंड, पुखरी और कियाणी सहित अन्य क्षेत्रों के लोग बालू में फल और सब्जियों की खरीदारी करने के लिए आते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि बालू में फल और सब्जियों के मनमाने दाम वसूलने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसा जाए।
जल्द की जाएगी मामले की गहनता से जांच:विजय सिंह
जिला खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रण अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया है। जल्द ही बालू में फल व सब्जियों के दामों को लेकर जांच की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।