तीसा(चंबा)। ग्राम पंचायत खजुआ के आधा दर्जन गांवों में आठ दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है। बीते दिनों होने वाली मूसलाधार बारिश के बाद बिजली का ट्रांसफार्मर जलने से यह समस्या पेश आई है। बिजली की आपूर्ति बाधित होने से लोगों विशेषकर स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर गांव में खराब पड़े ट्रांसफार्मर की जगह पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवाने की मांग उठाई है। गौरतलब है कि जिले में बीते दिनों होने वाली मूसलाधार बारिश ने बिजली बोर्ड की परेशानियों को बढ़ाकर रख दिया। ग्राम पंचायत खजुआ के आठ गांवों को सप्लाई देने के लिए स्थापित किया गया ट्रांसफार्मर जल गया है। ऐसे में आठ गांवों में बिजली की आपूर्ति गुल पड़ी हुई है।
बिजली न होने की सूरत में गृहणियों को भी अपने कामकाज दिन के उजाले में ही निपटाने पड़ रहे हैं। ग्रामीण हाकम चंद, निधिया राम, सोभिया राम, प्रकाश चंद, दलीप कुमार, परमेश कुमार, संजीव कुमार और अमित कुमार का कहना है कि क्षेत्र में बीते आठ दिनों से बिजली गुल है। बिजली न होने से उन्हें रात के समय दीये जलाकर काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिलों की अदायगी समयानुसार करने के बाद भी बोर्ड प्रबंधन ने उन्हें बेहतर सुविधा प्रदान नहीं कर रहा है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि गांव में जली ट्रांसफार्मर की जगह पर जल्द ही नई ट्रांसफार्मर स्थापित करवा दी जाएगी।