तीसा (चंबा)।
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत कुठेड़ बदौड़ा के दो गांव दस दिनों से अंधेरे में डूबे हुए हैं। पद्दरी और संद्रोटा गांवों में बिजली न होने से ग्रामीण परेशान हैं। गर्मियों में रातें भी अंधेरे में गुजारनी पड़ रही हैं। विद्युत उपकरण न चलने से गर्मी भी परेशान कर रही है।
बिजली बोर्ड की लापरवाही देखिए कि समस्या बताने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। बताया जा रहा है कि पद्दरी में बिजली बोर्ड ने ट्रांसफार्मर लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब हो गया है।
उक्त दोनों गांव में करीब 120 परिवार गुजर बसर करते हैं। बिजली गुल होने के चलते ग्रामीण काफी परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गुल होने के चलते जहां गृहणियों को दिक्कतें पेश आ रही हैं तो वहीं शाम के वक्त स्कूली बच्चे भी पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों रमेश कुमार, उर्मिला देवी, सुरेंद्र कुमार, पुष्पा देवी, सलमा देवी, रेखा देवी, उत्तम दास, प्रकाश चंद, चमन लाल, राकेश कुमार, राज कुमार, दलीप सिंह और मदन लाल ने बताया कि पहले वोल्टेज कम हो गई थी।
इसके बाद अचानक बिजली चली गई। दस दिन का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक विद्युत बोर्ड ने बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की है। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।
....
जल्द बहाल होगी बिजली : रोशन लाल
विद्युत बोर्ड तीसा के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि मामला ध्यान में है। कहा कि नए ट्रांसफार्मरों की डिमांड की गई है। कहा कि एक सप्ताह के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा।
000