सलूणी (चंबा)। भडेला से सलूणी तक बस सुविधा न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को समस्या से जूझना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोगों को बस सेवा के अभाव में टैक्सियों और निजी वाहनों से आवाजाही करनी पड़ती है।
इसको देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार से बस सेवा शुरू करने की मांग की है। बस सेवा शुरू होने से ग्राम पंचायत भडेला, पिछला डियुर और कंधवारा की दस हजार आजादी को लाभ मिलेगा। जोकि बस सेवा के अभाव में रोजाना परेशानी का सामना कर रही है। भडेला से सलूणी की दूरी 40 किमी है।
इस वजह से पंचायतों के लोगों को जरूरी कार्य करवाने के लिए सलूणी जाना पड़ता है। मगर बस सेवा के अभाव में उन्हें टैक्सियों और निजी वाहनों से आवाजाही करनी पड़ती है। इसके लिए उन्हें काफी पैसा खर्च करना पड़ता है।
इस वजह से सबसे अधिक परेशानी गरीब और मध्यम परिवार के लोगों को झेलनी पड़ती है। कंधवारा के प्रधान खिंदु राम, पिछला डियुर की प्रधान होम देई व ग्रामीणों चैन सिंह, भगत राम, मुसद्दी राम व सोभिया राम ने बताया कि उपरोक्त मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से तीन पंचायतो के लोगों को लाभ मिलेगा।
उन्हें चंबा या सलूणी जाने के लिए अतिरिक्त किराया नहीं खर्च करना पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन व एचआरटीसी से मांग की है कि उपरोक्त मार्ग पर शीघ्र बस सेवा शुरू की जाए।
ग्राम सभा में बस को लेकर प्रस्ताव पारित कर दें ग्रामीण : एसडीएस
एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि ग्रामीण बस चलाने को लेकर ग्राम सभा में प्रस्ताव पास करके उन्हें दें। इसे स्वीकृति के लिए जिलाधीश को भेजा जाएगा।