अमर उजाला ब्यूरो
कियाणी (चंबा)। चंबा-पुखरी मार्ग पर गुणुनाला के समीप कार दुर्घटनाग्रस्त होने से कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मंगलवार को सुबह के समय हुआ। घायल चालक को प्राथमिक उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक को टांडा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हितेश कुमार पुत्र व्यास देव निवासी गांव रखालू गुणुनाला के समीप सर्विस सेंटर चलाता है। मंगलवार को जब उसने गाड़ी को सर्विस के लिए निकाला तो गाड़ी को रिवर्स करते हुए अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को खाई से निकाला और चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां हितेश को प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। एसपी चंबा वीरेंद्र तोमर ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। साथ ही घायल को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।