अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा-पठानकोट मार्ग पर परेल के पास दो बाइकों में आए युवकों ने ट्रक चालक की धुनाई कर डाली। चालक को पीटने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए। पीड़ित ट्रक चालक ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार केवल कुमार पुत्र हंसराज निवासी गांव गोली तहसील डलहौजी ट्रक नंबर पीबी 02-9871 लेकर चंबा से पठानकोट की तरफ जा रहा था। ट्रक लेकर जब वह परेल के पास पहुंचा तो सामने से आ रही दो बाइकें उसके ट्रक के सामने खड़ी हो गई। ट्रक से उतरकर उसने बाइक सवारों को वहां से हटने के लिए कहा, ऐसा बोलने पर बाइक सवार भड़क उठे और उससे उलझ गए। इसके बाद बाइक सवारों ने उसके ऊपर लात घूंसे बरसाना शुरू कर दिया। इसमें उसे काफी चोटें आई हैं। चोट लगने पर जब वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक चालक को बाइक सवारों से बचाया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और ट्रक चालक का बयान दर्ज किया। इसके बाद पीड़ित का चंबा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल करवाया गया है। इसके साथ ही अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस उनकी छानबीन कर रही है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि परेल के पास अज्ञात दो बाइक सवारों ने ट्रक चालक की पिटाई की है। पुलिस ने बाइक सवारों की तलाश कर रही है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।