अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर/खज्जियार (चंबा)। ग्राम पंचायत उदयपुर के गोठली गांव में एक गोशाला आग की चपेट में आने से जल गई है। गनीमत रही कि मवेशी आग की चपेट में नहीं आए। जिस समय आग की घटना सामने आई, मवेशियों को चरने के लिए साथ के जंगल में छोड़ा हुआ था। अन्यथा मवेशी भी आग की चपेट में आ सकते थे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाने का प्रयास किया। जबकि आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने गोशाला में सुलगती हुई चिंगारियों को पूरी तरह पानी डालकर बुझा दिया। आग लगने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पंचायत उपप्रधान ओमकार ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे कोठली गांव की एक गोशाला में अचानक आग लग गई। गोशाला में मवेशियों के चारे के लिए सूखी घास रखी हुई थी। इसमें आग की चिंगारी गिरने से अचानक आग भड़क गई। आग की लपटों को देख गांव के सभी लोग वहां इकट्ठा हो गए। लोगों ने बाल्टियों में पानी भर-भर कर आग को बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही दमकल विभाग को भी इसका सूचना दे दी। आधे घंटे में दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। दोनों ने मिलकर आग पर काबू पाया। फायर अधिकारी कुबज सिंह ने बताया कि गोठली गांव में गोशाला में आग गली थी। इसे समय पर बुझा दिया गया है।