लड्डन गांव में पानी के लिए मचा हाहाकार
पांच दिनों से गांव से पेयजल की आपूर्ति बाधित, एक किमी से ढो रहे ग्रामीण
ग्रामीणों की कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समस्या का समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत देवीकोठी के गांव लड्डन में पांच दिनों से पेयजल की आपूर्ति बाधित हैं। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोग एक किमी दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि देवी कोठी धार से आने वाली पेयजल लाइन भारी बारिश से हुए भूस्खलन की जद में आने से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस वजह से पेयजल आपूर्ति बाधित है। मगर विभाग ने आज तक इस लाइन को दुरुस्त नहीं किया है। इस कारण ग्रामीणों की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति न होने की सूरत में ग्रामीणों का अधिकांश समय पानी की ढुलाई में ही बीत जाता है। बहरहाल, ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाई है। गौरतलब हो कि भारी बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में कहर ही बरपाकर रख दिया है। भारी बारिश के बाद होने वाले भूस्खलन से लड्डन गांव में पांच दिनों से पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है। पानी नहीं आने की सूरत में गांव में हाहाकार मचा है। ऐसे में लोगों विशेषकर नौकरी पेशा लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानियां उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों की मानें तो वह कई बार आईपीएच विभाग के अधिकारियों से पेयजल की समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाते आ रहेे हैं। मगर अभी तक पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। पंचायत प्रधान उषा देवी, ग्रामीणों में लेखराज, दुनी चंद, सोभिया राम, दीवान चंद, तिलकराज, चुनी लाल और सागर चंद ने बताया कि देवीकोठी पंचायत के लड्डन गांव में पानी की आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने विभाग से प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता हेमंत पुरी ने बताया कि भारी बारिश से होने वाले भूस्खलन की जद में आने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। कहा कि पानी की लाइन को सुचारू करने के लिए विभागीय कर्मचारी जुटे हुए हैं। जल्द ही व्यवस्था को सुचारू करवा दिया जाएगा।