तेलका कॉलेज ने जीता कबड्डी का खिताब
छिंज की बड़ी माली का मुकाबला बराबरी पर छूटा, डेढ़ घंटा चला संघर्ष
दोनों पहलवानों को बांटी गई 25-25 हजार रुपये की ईनामी राशि
अमर उजाला ब्यूरो
तेलका (चंबा)। दो दिवसीय लखदाता छिंज मेले के दूसरे दिन विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाई गई। इसका शुभारंभ तेलका स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रेमराज चौहाण ने किया। इसमें कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच खेले गए। कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मैच तेलका यू टीम और तेलका कॉलेज टीम के बीच खेला गया। इसमें तेलका यू की टीम विजेता रही। इसी प्रकार वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पुखरी और मंजीर टीमों के बीच खेला गया। इसमें पुखरी ने मंजीर को 3-0 से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसी तरह आंख बंद मटका तोड़ प्रतियोगिता में भजोत्रा के राकेश ने बाजी मारी। कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ लोक निर्माण विभाग के एसडीओ भूपेंद्र सिंह ने किया। उन्होने छिंज मेला कमेटी को 5100 रुपये दिए।
कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली के लगभग 70 पहलवानों ने दमखम दिखाया। बड़ी माली जम्मू के निसार और नूरपुर के अंकू के बीच करीब डेढ घंटे तक चली। मगर कोई परिणाम नहीं निकलने के कारण उन्हें बराबरी पर मुकाबला छोड़ना पड़ा। दोनों को 25-25 हजार रुपये की ईनामी राशि दी गई। इसमें छोटी माली कांगड़ा के लक्की के नाम रही। मेले का समापन अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष डीएसठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने मेला कमेटी को 31000 रुपये मेले के सफल आयोजन के लिए दिए। कबड्डी की विजेता टीम को 3100 रुपये, उपविजेता टीम को 2100 रुपये, वॉलीबाल की विजेता टीम को 5100 और उपविजेता टीम को 3100 रुपये ईनाम दिया गया। छोटी माली के विजेता पहलवान को 11000 रुपये और उपविजेता पहलवान को 8000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।