तीसा (चंबा)। चुराह क्षेत्र की दो पंचायतों में छह दिनों से ब्लैक आउट है। इस वजह से दो दर्जन गांव में रहने वाली पांच हजार की आबादी अंधेरे में रातें काटने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि पंचायतों को बिजली सप्लाई मुहैया करवाने वाला ट्रांसफार्मर छह दिन पहले खराब हो गया था। मगर इसे अभी तक ठीक नहीं करवाया गया है। इस वजह से पंचायतों में अभी तक बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है। ग्रामीण कई बार बोर्ड को अवगत करवा चुके हैं। मगर बिजली बोर्ड सप्लाई बहाल करने के लिए उचित कदम नहीं उठा पाया है।
इस कारण स्कूली बच्चे रात के समय अपनी पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। देवी कोठी के प्रधान परस राम, टेपा के पूर्व प्रधान ध्यान सिंह, ग्रामीण सुरेंद्र, मान सिंह, रवि कुमार, राकेश, चंद राम, किशोर और धर्मपाल ने बताया कि ग्राम पंचायत देवी कोठी और टेपा में छह दिन से बिजली की सप्लाई बंद पड़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र ज्यादातर रात को पढ़ाई करते हैं। इससे दिन का समय उनका स्कूल में आने-जाने में ही व्यतीत हो जाता है। छात्रों के स्कूल घर से काफी दूर हैं। मगर बिजली सप्लाई बंद होने से छात्र रात को पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। गृहिणियों को रात का खाना बनाने के लिए दीये का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं छह दिन से अंधेरे मेें रहने वाली पांच हजार आबादी काफी परेशान है। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली बोर्ड से मांग की कि उपरोक्त पंचायतों की बंद पड़ी बिजली सप्लाई को जल्द बहाल किया जाए।
जल्द बहाल होगी पंचायतों में बंद पड़ी बिजली सप्लाई : रोशन लाल
सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है। संबंधित जेई को ट्रांसफार्मर ठीक करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही गांव में बंद पड़ी बिजली सप्लाई बहाल करवाई जाएगी।