चंबा। साक्षर भारत मिशन के ब्लॉक आफिस चंबा में वीरवार को प्रेरक संघ की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें 50 प्रेरकों ने भाग लिया। बैठक में प्रेरकों ने समस्याओं के बारे में चर्चा की।
प्रेरक संघ के जिला प्रधान मोहम्मद अयूब ने बताया कि प्रेरकों को 20 महीनों से मानदेय नहीं मिल रहा है। सरकार की ओर से प्रेरकों को 20 महीनों की बजाए 8 महीने का मानदेय दिया जा रहा है। यह प्रेरकों के साथ बेइंसाफी है।
विज्ञापन
प्रेरक जिले की दूरदराज की पंचायतों में नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। मगर इसके बदले उन्हें नियमित रूप से मानदेय तक नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से प्रेरकों को अपने परिवार का पालन पोषण करने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को प्रेरक आम लोगों तक पहुंचा रहे हैं। इसके बावजूद भी प्रेरकों को उनकी मेहनत का फल नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रेरकों को 8 माह की बजाए 20 माह का पूरा वेतन दिया जाए। साथ ही प्रेरकों के लिए स्थायी नीति बनाई जाए।