अमर उजाला ब्यूरो
पांगी(चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की ऊपरी चोटियों में बुधवार को हल्का हिमपात होने से पूरा जिला ठंड की चपेट में आ गया है। हालांकि अभी भी जिले के किसानों को बारिश का इंतजार है। ऊंची चोटियों में हिमपात से निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई। ठंड बढ़ने के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। कबायली क्षेत्र पांगी के लिए चंबा-पांगी वाया साच पास मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को पांगी घाटी के ऊंची पहाड़ी पुन्टो और प्रे गांव में दो से तीन इंच तक हिमपात हुआ है। वहीं साचपास के समीप भी करीब चार से पांच इंच तक हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 19 तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। बुधवार को एक तरफ जहां पांगी की ऊंची पहाड़ियों में हिमपात हुआ तो वहीं जिला मुख्यालय में भी पूरा दिन बादल छाए रहे। इससे पूरा जिला में शीत लहर की चपेट में आ गया है। इसके बाद दोपहर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। शुष्क ठंड बढ़ने और बुधवार को हल्की बूंदाबांदी होने से किसानों में बारिश की आस जगी है। मंगलवार को भी हल्की बूंदाबांदी हुई थी। किसानों के मुताबिक बारिश न होने की वजह से गेहूं और मटर की बिजाई नहीं कर पा रहे है। ऐसे में किसानों को भी बारिश का बेसब्री से इंतजार है।