अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। सरोल और राजपुरा क्षेत्र में बारिश न होने की वजह से किसानों और बागवान काफी निराश हैं। पिछले एक महीने से बारिश न होने के चलते किसान गेहूं की बिजाई नहीं कर पार रहे हैं। किसानों के मुताबिक गेहूं की बिजाई करने का यह समय अनुकूल है। मगर पिछले करीब एक महीने से जिला में बारिश नहीं हुई है। इससे किसान गेहूं की बिजाई नहीं कर पार रहे हैं। किसानों की मानें तो अब वे खेतों को गेहूं की बिजाई के लिए तैयार कर रहे हैं। अगर दस दिनों में बारिश नहीं होती है तो वे गेहूं की बिजाई करने में देरी हो सकती है। किसानों का कहना है कि गेहूं की बिजाई के लिए बारिश की जरूरत है। उन्होंने बताया कि बारिश न होने के चलते अब खेतों से नमी पूरी तरह गायब हो गई है। किसान सुरेश कुमार, रत्न चंद, किरपा राम, साधू राम, देसराज, उत्तम राम, कल्याण सिंह, जीवन कुमार, धर्म सिंह, योगराज और उद्यम सिंह ने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह में गेहूं की बिजाई का कार्य शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि बिना बारिश के गेहूं की बिजाई कर पाना संभव नहीं है। किसानों ने बताया कि पिछले साल भी बारिश न होने की वजह से वे गेहूं की बिजाई समयानुसार नहीं हो पाई थी। इससे पैदावार पर काफी असर पड़ा था।