हड़सर से लेकर डलझील तक क्षतिग्रस्त रास्ता दो दिन में होगा ठीक
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा मार्ग को चकाचक करने के लिए लोक निर्माण विभाग के 100 कर्मचारी काम करेंगे। पहले यह कार्य 50 कर्मचारी कर रहे थे।
प्रशासन के आदेशों और यात्रा शुरू होने की गंभीरता को ध्यान में रखकर विभाग ने अन्य उपमंडलो से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजीव शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण यात्रा मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है। पिछले साल भारी भूस्खलन के कारण मार्ग को काफी क्षति पहुंची थी। ऐसे में वहां पर नया रास्ता बनाने में काफी समय लगा है। यही वजह है कि रास्ते को श्रद्धालुओं के लिए सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विभाग ने अपने 50 अतिरिक्त कर्मचारियों को वहां तैनात करने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि 25 अगस्त तक यात्रा मार्ग बनाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जहां कंकरीट डालने की जरूरत है, वहां कंकरीट भी बिछाई जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी आग्रह किया है कि वे मौसम के अनुसार यात्रा करेंगे। संवाद