चंबा। हिम सुरक्षा अभियान के तहत जिले अभी तक दो लाख 19 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। इस दौरान जिले में सौ नए कोविड और बीस टीबी के मामले सामने आए हैं। इस अभियान से जिले में कोविड, टीबी और कुष्ठ रोग सहित अन्य गैर संचारी रोगों से ग्रसित रोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है, जिससे उनका समय पर इलाज किया जा सके। स्क्रीनिंग के दौरान अभी तक जो भी लोग कोरोना और टीबी से ग्रस्त पाए गए हैं। उनका उपचार स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दिया है। जिले के सात स्वास्थ्य खंडों में किहार और चूड़ी ब्लॉक में कोरोना के मरीज पाए गए हैं।
इसके तहत किहार में 84 और चूड़ी में 15 मरीज कोरोना संक्रमण से ग्रसित निकले हैं। इसके अलावा पुखरी ब्लॉक में टीबी बीमारी से ग्रसित बीस मरीज पाए गए हैं। जबकि अन्य स्वास्थ्य खंडों में इन बीमारियों से ग्रसित मरीज अभी तक हुई स्क्रीनिंग में नहीं निकले हैं। हिम सुरक्षा अभियान की शुरूआत 25 नवंबर को की गई थी, जोकि 27 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान जिले की पौने छह लाख आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के घरों में जाकर कोविड, टीबी, कुष्ठ और शुगर सहित अन्य गैर संचारी रोगों की जांच पड़ताल करेंगी। स्क्रीनिंग के दौरान अगर किसी व्यक्ति में बीमारी से संबंधित कोई लक्षण नजर आते हैं, तो उसकी जांच करवाई जाएगी। जांच में बीमारी की पुष्टि होने पर उसका इलाज शुरू किया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि हिम सुरक्षा अभियान के तहत अभी तक जिले में सौ कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की गई है। इसके अलावा जिले में बीस नए टीबी के मरीज भी सामने आए हैं। इनका उपचार शुरू कर दिया गया है।