कंदरौर से औहर-राहियां-पलथीं के लिए बनाई जा रही उठाऊ सिंचाई योजना । संवाद
- पंचायत ने पुलिस का कड़ा पहरा लगाने की उठाई मांग
- उपायुक्त को भेजा पत्र, स्वयं दौरा करने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल झंडूता के हीरापुर पंचायत के तहत आने वाले ऐतिहासिक रुक्मिणी कुंड में युवा बेखौफ होकर डुबकियां लगा रहे हैं। इससे कुंड का पानी दूषित हो रहा है। ऐसे में पेयजल योजना से लाभान्वित होने वाले लोगों के जल जनित रोग की चपेट में आने का भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय ग्राम पंचायत ने कुंड में तैरने पर पाबंदी और पुलिस का कड़ा पहरा लगाने की मांग उठाई है। पंचायत प्रधान की ओर से उपायुक्त को एक पत्र भी दिया गया है।
पंचायत प्रधान प्रताप ठाकुर ने बताया कि कुंड के पानी से करीब आधा दर्जन पंचायतों को जल शक्ति विभाग पेयजल उपलब्ध करवा रहा है। रुक्मिणी कुंड में श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए यहां पर पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग स्नानागार का निर्माण किया गया है, लेकिन इन दिनों कुछ युवा बाइक पर यहां पहुंच रहे हैं और बेखौफ हो कर डुबकियां लगा रहे हैं। उन्हें आशंका है कि कुछ नशेड़ी लोग भी यहां पहुंच रहे हैं। युवाओं के कुंड में नहाने से पानी दूषित हो रहा है। साथ ही कभी भी अप्रिय घटना घटने का अंदेशा बना हुआ है। इसके बावजूद अभी तक न तो स्थानीय प्रशासन और न ही जल शक्ति विभाग ने लोगों के इसमें नहाने से रोकने के लिए कोई प्रयास किए हैं। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि वह स्वयं इस कुंड का दौरा करें और पुलिस का कड़ा पहरा लगावाएं। ताकि दूर दराज से आने वाली महिलाएं और लड़कियां बिना डरे इस तीर्थ स्थल पर अपनी आस्था पूरी कर सकें।