भोट (रामपुर)। चार साथियों के साथ पीलाखार नदी में नहाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के करीब पांच घंटे के बाद युवक का शव नदी से बरामद हुआ। गोताखोरों के काफी देर तक न पहुंचने पर परिजनों ने हाईवे पर लेटकर हंगामा भी किया।
कस्बे के नई बस्ती निवासी आकाश पुत्र लाखन सिंह (18) सोमवार सुबह करीब आठ बजे अपने चार साथियों साथ पीलाखार नदी में नहाने गया था। उसके साथियों के अनुसार नहाते समय आकाश अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूब गया। युवक के डूबते ही उसके साथियों ने शोर मचाते हुए सूचना परिजनों को दी। आनन फानन ग्रामीणों संग परिजन भी मौके पर पहुंच गए व सूचना पर थाना प्रभारी राकेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान काफी देर तक पुलिस कर्मियों ने ही नदी में डुबकी लगाकर युवक को तलाश करने का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर थाना पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से गोताखोरों को बुलाकर नदी में युवक की तलाश की। तहसीलदार बिलासपुर सुनील कुमार व नायब तहसीलदार सदर शिव प्रकाश सरोज भी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
तीन घंटे से भी अधिक समय तक नदी में डूबे युवक की जानकारी न मिलने पर परिजन हंगामा करने लगे। सरकारी गोताखोरों को बुलाने की मांग करते हुए युवक की मां हाईवे पर लेट गई। प्रभारी निरीक्षक ने मुरादाबाद से गोताखोरों को बुलाए जाने का आश्वासन दिए जाने पर परिजन हाईवे से हट गए। गोताखोरों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव पीलाखार नदी से बरामद कर लिया। मृतक की मां गीता देवी उसके साथियों पर ही युवक को नदी में धक्का देकर जान से मार डालने का आरोप लगाने लगी। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को जिला चिकित्सालय भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
000
तीन घंटे के बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची
युवक आकाश के नदी में डूबने की सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए व पुलिस कर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए नदी छलांग लगाते हुए काफी देर तक नदी में डूबे युवक को तलाश करना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर गोताखोरों को भी बुला लिया। सूचना पर तहसीलदार बिलासपुर सुनील कुमार तथा नायब तहसीलदार सदर शिव प्रकाश सरोज भी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उच्चाधिकारियो को मामले से अवगत करा दिया। अधिकारियों के आदेश पर मुरादाबाद से एसडीआरएफ की दो कंपनियां भी मौके पर पहुंच गईं, लेकिन इससे पहले ही प्राइवेट गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया।