केमरी/बिलासपुर (रामपुर)। केमरी रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन पार करते समय एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर जीआरपी कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है।
केमरी के मोहल्ला चमारान निवासी शादाब शाह 21 वर्ष गुरुवार की शाम को रेलवे स्टेशन की तरफ टहलने गया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे वह टहलने के बाद अपने घर को जा रहा था। रेलवे स्टेशन के पास वह रेल का ट्रैक पार कर रहा था कि अचानक रामपुर की तरफ से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिसके कारण मौके पर मौत हो गई। जीआरपी ने पहुंचकर शव को कब्जे में कर लिया। सूचना पर परिजन भी विलाप करते हुए पहुंच गए। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। उसकी मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया है। संवाद