शाहतलाई (बिलासपुर)। ऐतिहासिक नगरी शाहतलाई के गुरुनाझाड़ी में रविवार को विशाल दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। लखदाता दंगल कमेटी की ओर से आयोजित दंगल में उत्तरी भारत के नामी पहलवान भाग लेंगे। इस वर्ष कमेटी ने दंगल के सफल आयोजन के लिए 7 से 8 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया है। लखदाता दंगल कमेटी के प्रभारी रतन चंद चौधरी ने बताया कि दंगल के दौरान मुख्य रूप से तीन मालियों का आयोजन होगा। बड़ी माली के विजेता और उपविजेता के लिए 31 हजार रुपये की राशि तय की गई है। वहीं, छोटी माली के पहलवानों को 21 हजार रुपये के पुरस्कार बांटे जाएंगे। दंगल में विशेष आकर्षण अंडर-21 वर्ग का मुकाबला होगा, जिसमें हिमाचली पहलवानों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस वर्ग की 11 हजार रुपये की माली में विजेता को 6 हजार रुपये व गुर्ज और उपविजेता को 5 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। दंगल से पूर्व क्षेत्र में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत वार्ड नंबर-6 स्थित रतन चंद चौधरी के प्रांगण से होगी। लखदाता मंदिर में माथा टेकने के बाद शोभा यात्रा आयोजन स्थल तक पहुंचेगी। इसके उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं के साथ कुश्तियों का शुभारंभ किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। 24 जनवरी की रात को कव्वाली (सवाल-जवाब) का आयोजन किया जाएगा। कमेटी ने दंगल की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हमारा उद्देश्य ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देना है। बाहरी राज्यों से आने वाले उच्च कोटि के पहलवानों को भी उचित नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।