भगेड़ (बिलासपुर)। बाल केसरी दंगल मैहरी काथला की वार्षिक बैठक शिव दुर्गा मंदिर परनाल में कमेटी प्रधान दलीप ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। 15 अप्रैल को होने वाले छठे बाल दंगल को लेकर कई निर्णय लिए गए। कमेटी ने अंडर-19, अंडर-16 और अंडर-14 वर्ग के पहलवानों की इनामी राशि बढ़ाने का निर्णय लिया। साथ ही मैहरी काथला पंचायत के सभी नन्हे पहलवानों को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। पैनल मुकाबलों में केवल पंचायत क्षेत्र के बच्चे ही भाग ले सकेंगे। इसके लिए प्रतिभागियों को आधार कार्ड और पंचायत से परिवार रजिस्टर की नकल प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पैनल में भाग लेने वाले पहलवानों को 14 अप्रैल शाम तक अपना रिकॉर्ड कमेटी सदस्यों के व्हाट्सएप पर भेजना होगा। कमेटी सचिव लोकेश ठाकुर ने बताया कि दंगल का मुख्य उद्देश्य गांव के बच्चों को कुश्ती के प्रति प्रेरित करना है।