मां शूलिनी मंदिर में नवरात्र के पांचवें दिन माता के दर्शन के लिए कतारों में खड़े भक्त। संवाद
मां शूलिनी मंदिर में लगी रही भक्तों की कतारें,सुख-समृद्धि की कामना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर के मंदिरों में पांचवें नवरात्र पर मां स्कंदमाता की पूजा की गई। शहर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शूलिनी मंदिर में नवरात्र के पांचवें दिन भी श्रद्धालुओं की सुबह से भीड़ लगी रही। सुबह 5:00 बजे लोग दर्शनों के लिए पहुंचे। वहीं दोपहर को भी लोग मंदिर में माता के दर्शन के लिए पहुंचते रहे। लोगों ने घरों में दुर्गा मां के पांचवें अवतार मां स्कंदमाता की पूजा की और सुख-समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि मां स्कंदमाता की पूजा करने से संतान सुख की प्राप्ति होती है। इस कारण आज के लिए मंदिर में अधिकतर जोड़ों ने आकर माथा टेका और मां की पूजा कर आशीर्वाद लिया। मंदिर में दोपहर 2:00 बजे तक लगभग 800 भक्तों ने माथा टेका और मां शूलिनी के दर्शन किए। वहीं, मंदिर में शहनाई और ढोल की धुन के साथ भक्तों ने मां शूलिनी, श्रीराम, श्रीकृष्ण और भगवान शिव के भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। इसके अलावा मां काली मंदिर शामती, शीतला माता मंदिर और सिद्धेश्वरी मंदिर (पुलिस लाइन) समेत जिलेभर के अन्य मंदिरों में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर नगर निगम सोलन में हवन का आयोजन किया। इसके अलावा यहां आने वाले सभी भक्तों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया।