बिलासपुर, किन्नौर और शिमला के 160 शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
-एससीईआरटी सोलन ने तैयार किए विज्ञान विषय के 10 स्रोत व्यक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश के तीन जिलों बिलासपुर, किन्नौर और शिमला में बैचवाइज नियुक्त टीजीटी शिक्षकों को जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जुखाला में प्रशिक्षित करने के लिए 5 अगस्त से कार्यशाला शुरू होगी। इसमें लगभग 160 नवनियुक्त टीजीटी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) सोलन की ओर से बिलासपुर से विज्ञान विषय के लगभग 10 स्रोत व्यक्तियों (टीजीटी मेडिकल और नॉन मेडिकल) को प्रशिक्षित किया गया। डाइट जुखाला के कार्यकारी प्रधानाचार्य एवं जिला परियोजना अधिकारी संजय शामा ने बताया कि 5 अगस्त से शुरू होने वाली कार्यशाला के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम अधिकारी दिग्विजय मल्होत्रा ने बताया कि लगभग 160 नवनियुक्त विज्ञान अध्यापकों को 15 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और मेडिकल, नॉन मेडिकल से संबंधित तथ्यों पर चर्चा की जाएगी। एससीईआरटी और प्रशिक्षित प्रमुख संसाधन व्यक्ति 15 दिन तक अलग-2 विषयों पर नवनियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे ताकि स्कूलों में जाकर उन्हें कठिनाई का सामना न करना पड़ा।